रविवार दोपहर अनूपपुर जिले के कोतमा में नेशनल हाईवे-43 पर उस समय यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जब अनूपपुर से गिट्टी लोड कर कोतमा की ओर जा रहे एक हाइवा ट्रक में अचानक आग लग गई। हाईवे के बीचोंबीच हुई इस घटना के कारण करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर लगभग 2 से 3 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, हाइवा ट्रक क्रमांक CG 31 A 9917 के पिछले टायर में भीषण गर्मी और लगातार घर्षण के कारण अचानक आग लग गई। सामने से आ रहे वाहन चालकों ने ट्रक चालक को आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद चालक और क्लीनर ने तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर शरण ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए सुरक्षा कारणों से हाईवे पर दोनों दिशाओं का यातायात रोक दिया गया। इसके चलते अनूपपुर और कोतमा की ओर जाने वाले सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन सड़क पर ही फंस गए। कई यात्रियों को तेज धूप में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
पढ़ें: जंगल में चली गोली, बछिया खोजने निकले युवक को लगे छर्रे; 17 दिन बाद आरोपी शिकारी गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे के दोनों ओर 2 से 3 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई थी। यात्री, बसें, ट्रक और निजी वाहन आग बुझने का इंतजार करते रहे। दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया और फंसे हुए वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।
आगजनी में ट्रक के सभी टायर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटनास्थल के समीप वन विभाग का डिपो होने के कारण वन विभाग का अमला भी सतर्क रहा। रविवार को बाजार का दिन होने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थी। पुलिस ने ट्रक को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।