अनूपपुर जिले के जैतहरी नगर पालिका क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद बूंदी वितरण के दौरान एक बच्चे के साथ कर्मचारी द्वारा अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराई। जांच में कर्मचारी दोषी पाया गया, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में विद्यालयों की झांकियों के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के बाद नगर पालिका की ओर से बूंदी का वितरण किया गया।
पढे़ं: कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबने से महिला की मौत; आधे घंटे बाद निकाला शव
वितरण के दौरान कुछ बच्चे बूंदी लेने से वंचित रह गए थे। इन्हें नगर पालिका के वाहन में बैठाकर बूंदी दी जा रही थी। इसी दौरान एक बच्चा खुद बूंदी उठाने लगा। आरोप है कि वितरण कार्य में लगे कर्मचारी नंदलाल सिंह गोड ने बच्चे के बाल पकड़कर उसे खींचा और ज्यादा बूंदी लेने पर डांट-फटकार लगाई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
जांच में कर्मचारी को दोषी पाए जाने के बाद नगर पालिका जैतहरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी नंदलाल सिंह गोड को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर संबंधित कर्मचारी को जांच के बाद सेवा से पृथक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर की परंपरा के अनुसार हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसके बाद नगर पालिका की ओर से छात्र-छात्राओं को बूंदी का वितरण किया जाता है।