मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के निवाली थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति राजस्थान से अवैध हथियार खरीदकर बड़वानी आ रहे हैं। इसके बाद, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निवाली बेरियर के पास दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम उर्फ शिवा और इकबाल खान शामिल हैं, दोनों अजमेर, राजस्थान के निवासी हैं।
पुलिस ने जब दोनों आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके पास से कुल 23 अवैध हथियार बरामद किए गए, जिनमें 9 पिस्टल, 14 देशी कट्टे, 11 ज़िंदा कारतूस और 4 मैगजीन शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों से दो महंगे आईफोन और कुल 3.14 लाख रुपये के सामान भी जप्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये हथियार उन्हें थाना वरला क्षेत्र के उमर्टी गांव के वीरपाजी नामक व्यक्ति से मिले थे, और वे इन हथियारों को राजस्थान वापस ले जाने वाले थे।
निवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1), 27 के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। बड़वानी एसपी जगदीश डावर ने इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि पुलिस को इनाम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस अब यह पता कर रही है कि इन हथियारों को बेचा कौन था। साथ ही, आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।
यह कार्रवाई निमाड़ क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी को लेकर चिंता का विषय बनी है, क्योंकि यहां से हथियार राजस्थान सहित अन्य हिस्सों में तस्करी के लिए भेजे जाते हैं। पुलिस की इस सफलता से अवैध हथियारों की तस्करी में कड़ी रोकथाम होने की उम्मीद है।