नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात जेईई मेन 2025 के नतीजे जारी कर दिए। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर से करीब 12 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 2,50,236 छात्रों ने जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाई किया है।
इस बार मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के माजिद हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.99 परसेंटाइल के साथ प्रदेश टॉप किया है। माजिद को जेईई मेन में 296 अंक प्राप्त हुए हैं, जो कि कुल 300 अंकों में से हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 30 आई है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद माजिद के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और परिवार सहित शिक्षक वर्ग उनकी इस कामयाबी का जश्न मना रहा है।
माजिद ने साझा किया सफलता का राज
अमर उजाला से खास बातचीत में माजिद हुसैन ने बताया कि वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और अपने दो कजिन्स मारिया अली और हुसैन को देते हैं। माजिद के अनुसार उन्हीं की प्रेरणा से उन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला लिया। परीक्षा की तैयारी को लेकर माजिद ने बताया कि मेरी तैयारी जेईई एडवांस के लिए शुरू से ही थी, लेकिन जेईई मेन को अंतिम पड़ाव मानकर मैंने पूरे सिलेबस को रिवाइज किया और परीक्षा पैटर्न को अच्छी तरह से एनालाइज कर रणनीति बनाई।
सपनों की उड़ान
जब माजिद से उनके भविष्य के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मेरा सपना है कि जेईई एडवांस में टॉप रैंक हासिल कर देश के किसी प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थान में दाखिला लूं और एक सफल सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनूं। उन्होंने अन्य छात्रों को सलाह दी कि पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखें और नियमित अभ्यास करें, जिससे उम्मीद के अनुरूप परिणाम हासिल किए जा सकें।
पढ़ें: नलखेड़ा क्षेत्र में आठ किसानों पर नरवाई जलाने की कार्रवाई, 25 हजार रुपये का लगा जुर्माना; जानें
क्या है जेईई एडवांस परीक्षा?
देशभर के प्रमुख इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए जेईई परीक्षा आयोजित की जाती है। इसमें पहला चरण होता है जेईई मेन, जिसे सफलतापूर्वक पास करने वाले छात्र ही जेईई एडवांस में बैठ सकते हैं। जेईई एडवांस में बेहतर रैंक हासिल करने वाले छात्रों को देश के शीर्ष आईआईटी संस्थानों में प्रवेश मिलता है। इस साल जेईई एडवांस की परीक्षा 18 मई को आयोजित होगी और परिणाम 2 जून को घोषित किए जाएंगे। फिलहाल माजिद हुसैन अपनी इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अब जेईई एडवांस की तैयारी में पूरी तरह से जुट गए हैं।