बुरहानपुर जिले के गणपति थाना परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी दो बेटियों के साथ थाने पहुंचा और खुद तथा बच्चियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर युवक और दोनों बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, गणपति थाना क्षेत्र निवासी राहुल ताराचंद अटकलें किसी आर्थिक विवाद के सिलसिले में अपनी दोनों बेटियों के साथ थाने पहुंचा था। उसका पड़ोसी अफजल पिता फजल साहब के साथ वाहन के लेन-देन और पैसों को लेकर विवाद चल रहा है। इसी मामले में बातचीत के दौरान युवक ने यह कदम उठाने की कोशिश की।
स्थिति बिगड़ते ही थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक और दोनों बच्चियों को अपने संरक्षण में लिया और उन्हें सुरक्षित कर लिया। इसके बाद पुलिस ने युवक से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पढ़ें: श्रावण सोमवार पर बाबा महाकाल भी रखते हैं उपवास, कब लगता है भोग? जानिए व्रत और इसकी पूरी परंपरा को
पुलिस के अनुसार, विवाद वाहन के लेन-देन से जुड़े रुपयों को लेकर है। मामले में दूसरे पक्ष अफजल को भी थाने बुलाया गया। दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि मामला रुपए के लेन-देन से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
दूसरे पक्ष के अफजल ने भी पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उसने पहले राहुल को रकम दी थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी बुरहानपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में इसी तरह का एक संवेदनशील मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया था। फिलहाल युवक और उसकी दोनों बेटियां सुरक्षित हैं।