छतरपुर शहर के छत्रसाल चौराहे पर पुलिस चौकी के ठीक सामने शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को राहगीरों से अभद्रता करना महंगा पड़ गया। युवक की हरकतों से नाराज लोगों ने उसे मौके पर ही पकड़कर पिटाई कर दी। इस मारपीट में महिला, पुरुष, बुजुर्ग के साथ एक छोटी बच्ची के भी शामिल होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराबी युवक लगातार आने-जाने वाले लोगों से गाली-गलौच और बदसलूकी कर रहा था। जब उसने एक परिवार के साथ अभद्रता की तो मामला बिगड़ गया। इसके बाद परिवार के सदस्यों सहित आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।
पढे़ं: सड़क के सवाल पर उबाल, पिंडरुखी में युवाओं ने रोका विधायक का काफिला; बिना उतरे लौटे ओमप्रकाश धुर्वे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए विवाद शांत कराया। पुलिस ने शराबी युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले गई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की पड़ताल की जा रही है।