छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के निवार गांव में 50 वर्षीय रामसिंह लोधी उर्फ सरला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकस्वाहा भेजा।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पहले बम्होरी चौकी के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद वे शव लेकर गांव लौट गए।
इसके बाद परिजनों ने सेमरा पुल पर शव रखकर सागर-छतरपुर हाईवे जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पढ़ें: रणथंभौर एक्सप्रेस के कोच से निकला धुआं, यात्रियों में मची अफरातफरी; 20 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन
थाना प्रभारी का पक्ष
बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि घर के बाहर गंदे पानी की निकासी के लिए बने गड्ढे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान रामसिंह लोधी ने अपनी छत से नीचे खड़ी दूसरे पक्ष की एक महिला पर पत्थर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को पहले बकस्वाहा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस का कहना है कि रामसिंह को आशंका थी कि महिला के घायल होने के मामले में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है और उसे जेल जाना पड़ सकता है। इसी तनाव में उसने कथित रूप से कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि, परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने रामसिंह की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने इस दावे से इनकार करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायल महिला की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उसकी एमएलसी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।