छिंदवाड़ा जिले के हर्रई क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से हुई महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए विभाग ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत आधा दर्जन से अधिक अवैध और बिना पंजीकरण वाले क्लीनिकों को सील कर दिया गया है, जिससे पूरे इलाके के झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है।
गलत इलाज से गई जान, तब जागा प्रशासन
जानकारी के अनुसार, हर्रई क्षेत्र में एक महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे स्थानीय झोलाछाप डॉक्टर के पास ले जाया गया था। गलत इलाज और लापरवाही के कारण महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले के तूल पकड़ते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के निर्देश पर आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमले की एक संयुक्त टीम गठित की गई।
ये भी पढ़ें- Balaghat News: बेटी के आंसू देख सुलग रहा था ससुर, शराबी दामाद को उतारा मौत के घाट; 72 घंटे में कत्ल का खुलासा
प्रशासनिक कार्रवाई से मचा हड़कंप
शनिवार को नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र पांडे और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. रानी वर्मा के नेतृत्व में टीम ने हर्रई और आसपास के क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। जांच के दौरान कई क्लीनिकों में न तो डॉक्टरों के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री मिली और न ही क्लीनिक का कोई वैधानिक पंजीकरण था। जरूरी दस्तावेज और अनुमति पत्र न मिलने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लगभग 6 से अधिक अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया। कार्रवाई की भनक लगते ही क्षेत्र के कई अन्य झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग निकले।
अधिकारियों के बयान
मामले की पुष्टि करते हुए नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची थी। जांच के दौरान कथित डॉक्टरों के पास कोई भी वैध डिग्री या पंजीयन नहीं पाया गया। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले क्लीनिकों को सील कर दिया गया है। इन फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी भी की जा रही है।
वहीं, हर्रई बीएमओ डॉ. रानी वर्मा ने कहा कि जिला मुख्यालय से मिले सख्त आदेशों के बाद यह अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 6 झोलाछाप डॉक्टरों के अस्पतालों और क्लीनिकों को बंद कराया जा चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी फर्जी डॉक्टर को बख्शा नहीं जाएगा और यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

झोलाछाप डॉक्टर की दुकान सील
झोलाछाप डॉक्टर की दुकान सील