मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने दमोह, जबलपुर, सागर सहित प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश के ऊपर प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसके चलते कई जिलों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जबलपुर, सागर, दमोह, नरसिंहपुर और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। दमोह जिले के सर्रा सेक्टर सहित तारादेही, रजपुरा और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार शाम से हुई तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। अचानक हुई तेज बारिश और ओलों से कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हो गया।
ओलावृष्टि के कारण कुछ ग्रामीण घरों की छतें (खपरैल), पेट्रोल पंप के टीन शेड, वेयर हाउस में रखा अनाज रही अन्य जरूरतमंद सामान क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। वहीं तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी तेज रफ्तार से बहता नजर आया।
ये भी पढ़ें- मीनाक्षी नटराजन मामले में आज चुनाव आयोग पहुंचेंगे कांग्रेस नेता, अहम मुलाकात
पुलिया और नालों पर बढ़ा जलस्तर
लगातार तेज बारिश के कारण कई नाले उफान पर आ गए। सर्रा क्षेत्र में नाले के करीब दो फीट ऊपर तक पानी बहता देखा गया। वहीं तारादेही और रजपुरा क्षेत्र में छोटी पुलियों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। दमोह के अलावा जबलपुर और सागर संभाग के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जलभराव की समस्या भी सामने आई।
आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है, इसलिए खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न जाने की अपील की गई है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए खेतों में कार्य सावधानीपूर्वक करें और बारिश व ओलावृष्टि के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें।