दमोह के फुटेरा तालाब में विजयदशमी के मौके पर गुरुवार को देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया जो सुबह आठ बजे तक चलता रहा। सबसे आखिर में लोको क्षेत्र की महाकाली का विसर्जन हुआ। इस प्रकार देवी विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। घंटाघर पर चल समारोह आयोजित होने के बाद प्रतिमाएं तालाब पर पहुंची। इस दौरान जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि भारत माता इमलाई, लोको वाली महाकाली सहित 122 प्रतिमाएं फुटेरा तालाब में विसर्जित हुई हैं। दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर और एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी देवी विसर्जन में पूरी तरह से अलर्ट थे और प्रशासनिक अधिकारियों से विसर्जन की जानकारी लेते रहे। इसके बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने तालाब पहुंच कर जायजा लिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें-
मुख्यमंत्री भी चौंक गए, गोबर से बनेंगे लाखों दीये, चीनी प्रोडक्ट्स को टक्कर देगी यह मशीन
विजयादशमी के अवसर पर दशहरा चल समारोह का आयोजन किया गया। देवी प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम दोपहर से शुरू हो गया था। उसके पहले सुबह से ही सभी देवी पंडालों में विधि-विधान से हवन-पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद बिना अखाड़े वाली देवी प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए शहर भ्रमण पर निकाला गया जो शहर के प्रमुख चौराहों से होते हुए फुटेरा तालाब पहुंची। जहां उनका विसर्जन किया जा रहा है। उसके बाद शाम 7 बजे से अखाड़े वाली देवी प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हुआ। सबसे पहले मोरगंज गल्ला मंडी की देवी प्रतिमा को विसर्जन के लिए निकाला गया।
यह भी पढ़ें-
कफ सिरप का कहर: किडनी फेल होने से 20 दिन में सात बच्चों की मौत, दवा पर पाबंदी पर जिम्मेदारों को 'खुराक' कब?
इन प्रतिमाओं के साथ अखाड़े भी शामिल थे, जिनमें युवा अपनी कलाओं का प्रदर्शन कर रहे थे। चल समारोह घंटाघर से होकर बकौली चौराहा, मोहन टॉकीज तिराहा, पुराना थाना, सिटी नल, महाकाली चौराहा से होते हुए फुटेरा तालाब पहुंचा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरे मार्ग पर मौजूद रहे। फुटेरा तालाब में एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई थी। उसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर एसडीएम आरएल बागरी, एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया, तहसीलदार रॉबिन जैन, रघुनंदन चतुर्वेदी, सीएसपी एचआर पांडे, डीएसपी सौरभ त्रिपाठी, थाना प्रभारी कोतवाली मनीष कुमार, के साथ अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।