भारतीय सेना द्वारा आतंकियों के खिलाफ सफल ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना के शौर्य और पराक्रम को सलाम करने के लिए धार शहर में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह आयोजन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक अभियान द्वारा किया गया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत शहीद चौक से हुई, जो शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई राजवाड़ा पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और धार विधायक नीना वर्मा ने भी भाग लिया। दोनों नेता हाथ में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीतों पर झूमती नजर आईं।
इस यात्रा में पूर्व सैनिक, मुस्लिम और बोहरा समाज, प्रतिभावान खिलाड़ी, महिला और युवा वर्ग, और शहर के सामान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए। तिरंगा यात्रा की शुरुआत शहीद भगत सिंह चौराहे से की गई, जहां केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व मंत्री विक्रम वर्मा, विधायक नीना वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती और अन्य नेताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और "भारत माता की जय" के नारे लगाए। इस मौके पर सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को जवाब दिया। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया के सामने भारत की ताकत और साहस को साबित किया है।
यह भी पढ़ें: राजधानी भोपाल को मिलेगा नया स्वरूप, सीएम आज करेंगे "भोज नर्मदा द्वार" का भूमि-पूजन
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के कई स्थानों पर स्वागत मंच लगाए गए थे, जहां भारत माता की झांकी और पूर्व सैनिकों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस यात्रा में अभियान संयोजक विश्वास पांडे, सह-संयोजक राकेश पटेल और ईश्वर कटारा, भाजपा नेता अशोक जैन, दिलीप पटोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, पूर्व विधायक वेल सिंह भूरिया, और अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भव्य तिरंगा यात्रा के आयोजन की सराहना भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती ने की।