केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देश में एलपीजी गैस की उपलब्धता और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। अपने तीन दिवसीय संसदीय प्रवास के दौरान गुना पहुंचे सिंधिया ने कहा कि वर्तमान में दुनिया जिस भू-राजनीतिक संकट से गुजर रही है, उसका असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन कांग्रेस इस गंभीर मुद्दे पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है।
सिंधिया ने कहा कि आज पूरी दुनिया अस्थिर स्थिति से गुजर रही है। उन्होंने बताया कि यूनाइटेड स्टेट इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर पड़ा है। इस संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर दबाव बढ़ा है, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण मार्ग होमुर्ज है। उन्होंने बताया कि यह जलडमरूमध्य दुनिया के लिए बेहद रणनीतिक महत्व रखता है और यहां से लगभग 30 से 40 प्रतिशत वैश्विक तेल और गैस की आपूर्ति होती है। ऐसे में यहां किसी भी प्रकार का तनाव पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट पैदा कर सकता है।
सिंधिया ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण वैश्विक माहौल में भारत ने अपनी मजबूत कूटनीति और नेतृत्व क्षमता के कारण स्थिति को संतुलित बनाए रखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह उनके व्यक्तिगत प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय संबंधों का ही परिणाम है कि जिन समुद्री मार्गों को ईरान ने कई देशों के जहाजों के लिए बंद कर रखा है, उन्हें भारत के लिए खुला रखा गया है। इससे यह सुनिश्चित हुआ है कि भारत में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी और देश में किसी बड़े संकट की स्थिति पैदा नहीं होगी।
सिंधिया ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और नागरिकों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। सिंधिया ने कहा कि जब पूरा देश और 140 करोड़ नागरिक इस वैश्विक संकट के समय एकजुट हैं, तब कांग्रेस इस मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है।
ये भी पढ़ें- Ujjain News: केरल में हत्या और लूट करके भागी आरोपी महिलाएं उज्जैन में गिरफ्तार, 13 साल से थीं फरार
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा नकारात्मक रही है और वह देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से भी पीछे नहीं हटती। चाहे न्यायपालिका पर टिप्पणी करना हो या चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना, कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश की छवि खराब करने का कोई अवसर नहीं छोड़ती।
उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस मानसिकता को भली-भांति समझ चुकी है और चुनावों के माध्यम से बार-बार इसका जवाब भी दे रही है। सिंधिया ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार स्थिति को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही संसद में स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं कि देश के पास पर्याप्त भंडार और मजबूत सप्लाई चेन मौजूद है। अंत में सिंधिया ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है और नागरिकों को किसी भी तरह की अफवाह या आशंका से बचते हुए भरोसा रखना चाहिए कि देश की ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित है।