चरगवां थानान्तर्गत ग्राम मिरगा में चोरी करने पहुंचे गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे खंभे से बांध दिया और सिर पर कंधे में जूता रखकर उसकी जमकर पिटाई की। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। चरगवां थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मिरगा में रहने वाले राहुल पटेल बुधवार को अपने बेटे के साथ पत्नी का इलाज कराने जबलपुर गया था। वह शाम को लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। एक व्यक्ति घर से थोड़ा दूर बाइक लेकर खड़ा हुआ है। राहुल जैसे ही अंदर गए एक चोर सोने, चांदी से भरा बॉक्स लेकर धक्का देते हुए बाहर निकला और बाहर खडे़ साथी के साथ बाइक में बैठकर फरार हो गया। राहुल के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गये थे। घर की तलाशी एक चोर अंदर छिपा हुआ मिला।
ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और एक खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसके सिर और कंधे में जूते रखकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान लोगों ने उसका वीडियो बना लिया था। पुलिस ने जानकारी मिलने पर घटनास्थल में पहुंचकर युवक को ग्रामीणों से छुड़वाया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विनय उर्फ विनोद चक्रवर्ती निवासी कुम्हार मोहल्ला गोटेगांव जिला नरसिंहपुर बताया। उसने दो साथियों के साथ पीड़ित राहुल के घर में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विनय सहित उसके दो साथियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया था। आरोपी ने बताया था कि ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के बाद खंभे में बांधकर उसके साथ मारपीट की है। उसकी शिकायत पर भी पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था।
ये भी पढ़ें- उमा भारती बोली -भारत मूलतः हिंदू राष्ट्र, इसे स्वीकार करना होगा; धीरेंद्र शास्त्री की सराहना की
पुलिस ने आरोपी युवक को न्यायालय के समक्ष पेश किया था। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया था। ग्रामीणों के द्वारा मारपीट किये जाने का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की शिनाख्त के प्रयास जारी है।