खंडवा जिले के ग्रामीण क्षेत्र में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मंगलवार शाम ग्राम सैय्यदपुर खैगांवड़ा के शमशान घाट पर हुआ, जहां एक बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार के दौरान भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए थे। इसी दौरान शमशान से लगभग 50 फीट की दूरी पर स्थित एक पुराना महुए का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि पेड़ करीब 60 साल पुराना और बेहद विशाल था।
पढे़ं: चाबी लगाई और घर के बाहर खड़ी कार को रेलवे ट्रैक पर ले आया नाबालिग, सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गईं और वह गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। अधिकांश लोग जान बचाकर भाग निकले, लेकिन सिलोदा निवासी हीरालाल पिता शिवराम (45) और अहमदपुर खैगांवड़ा निवासी हुकुम पिता मांगीलाल (70) पेड़ के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने करीब 100 लोगों की मदद से पेड़ हटाया और दोनों घायलों को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हीरालाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हुकुम गंभीर रूप से घायल हैं और उनका एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है। पंधाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।