मध्यप्रदेश में हो रही मानसूनी बारिश के बाद से प्रदेश के खंडवा जिले के सभी नदी नाले पूर चल रहे हैं तो वहीं जिले के पुनासा ब्लॉक स्थित एशिया की सबसे बड़ी परियोजना इंदिरा सागर बांध के 12 गेट करीब तीन तीन मीटर तक खोल दिए गए हैं। इसके बाद से वहां से छोड़ा जा रहा करीब 10,000 क्यूमेक्स से अधिक पानी जिले की ही धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर स्थित ओंकारेश्वर डैम तक पहुंच रहा है, जिसके चलते ओंकारेश्वर डैम भी लबालब है और 23 गेटों वाले ओंकारेश्वर डैम के सभी गेट फिलहाल खोल दिए गए हैं, जिसके बाद यहां मां नर्मदा का विहंगम और विकराल रूप दिख रहा है।
यहां ओंकारेश्वर डैम से धुंए के रूप में तेज वेग से करीब 13,008 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। जो कि अपने आप में एक रिकार्ड भी है। बता दें कि ओंकारेश्वर डैम के सभी 23 गेट के साथ ही विद्युत उत्पादन गृह से भी पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। जो कि यहां से गुजरात की तरफ जा रहा है। वहीं, इसको लेकर जिला प्रशासन भी सतर्क है और फिलहाल यहां के घाटों पर जाना भी सख्त मना है। इधर, नर्मदा में आई बाढ़ के चलते ज्योर्तिलिंग ओंकारेश्वर मंदिर से सटकर तेज बहाव जा रहा है और फिलहाल यहां नौका संचालन भी बन्द है। वहीं, नाविक भी रात्रि जागरण कर अपनी नौकाओं की देखभाल कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह इस सीजन की सबसे बड़ी बाढ़ है। वहीं, नर्मदा के ऊपरी क्षेत्रों से भी पानी का दबाब बना हुआ है।
इंदिरा सागर परियोजना का भी रिकार्ड
खंडवा जिले के पुनासा ब्लॉक की एशिया की सबसे बड़ी पनविद्युत परियोजना इंदिरा सागर बांध के भी फिलहाल 12 गेट 3 मीटर तक खोले गए हैं, जिसके बाद यहां से 8,904 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा था। अब इसे भी बढ़ाया गया है। वहीं, यहां स्थित पावर हाउस से भी बिजली का उत्पादन करते हुए टरबाईन के जरिए 1840 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह फिलहाल इंदिरा सागर बांध से कुल 10,744 क्यूमेक्स से भी अधिक पानी की निकासी की जा रही है, जो ओंकारेश्वर की तरफ बढ़ रहा है।
डैम का मनोरम दृश्य देखने पहुंच रहे पर्यटक
पुनासा ब्लॉक के इंदिरा सागर बांध के फिलहाल 12 गेट तीन तीन मीटर तक खुले हुए हैं, जिसके बाद डैम के नीचे बने बकेट से जब पानी ऊपर की ओर उठ रहा है तो सायफन बनकर अद्भुत नजारे में दिखाई दे रहा है। सायफन के सामने ही पानी की बौछारों के बीच इंद्रधनुष भी बन रहा है।जो अलग ही मनोरम दृश्य के रूप में दिखाई दे रहा है। यह जल प्रपात इंदिरा सागर बांध के सामने बने जगमूर्ति सेतु से आने जाने वाले लोगों को आकर्षित कर रहा है और जिसे देखने बड़ी संख्या में यहां पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।