रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर इसरथूनी के पास सड़क किनारे खड़े मां-बेटे को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 50 वर्षीय गीताबाई की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा 23 वर्षीय बहादुर मोरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- अर्चना तिवारी: लापता बहन को ढूंढ़ने इटारसी पहुंचे भाई; रेलवे स्टेशन पर खंगाले CCTV फुटेज; जानें क्या मिला?
बाइक खड़ी कर मां से कर रहे थे बातें, तभी हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ग्राम रामपुरिया पाटड़ी निवासी बहादुर मोरी मंगलवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच अपनी मां गीताबाई को बाइक पर बैठाकर इसरथूनी छोड़ने जा रहा था। इसरथूनी पहुंचने पर उसने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और मां को उतारकर उनसे बातें करने लगा। इसी दौरान मंदसौर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक और गीताबाई को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से गीताबाई दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बहादुर भी बाइक समेत गिर पड़ा और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार चालक वापस आया और फिर भाग गया
घायल बहादुर के ममेरे भाई राहुल के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक कुछ दूरी तक गया, फिर वापस आया और वहां से कार लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को मेडिकल कॉलेज रतलाम भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने गीताबाई को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- Damoh News: लव जिहाद मामले में नया मोड़, युवती ने वीडियो जारी कर कहा- मैं अपनी मर्जी से गई और शादी की
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद गीताबाई का शव परिजनों को सौंप दिया है और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे ने इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।