महू-नीमच हाईवे पर रेन-मऊ फंटे के पास बस में सवार सराफा व्यापारी से करीब साढ़े सात करोड़ रुपये कीमत के सोने के जेवर लूटने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर सकती है।
जैन कॉलोनी महलवाड़ा निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया आसपास के क्षेत्रों में अन्य व्यापारियों को सोने के जेवर बेचने जाते हैं। 13 अगस्त को वे उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र में गए थे। वहां उन्होंने करीब 10 व्यापारियों को 145 ग्राम सोने के जेवर बेचे। इसके बाद करीब पांच किलो वजनी सोने के जेवर लेकर रात करीब सवा आठ बजे बस से रतलाम के लिए रवाना हुए।
बस रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र के रेन-मऊ फंटे के पास पहुंची थी। इसी दौरान एक यात्री ने बस रुकवाई। व्यापारी के पीछे बैठे दो बदमाशों ने उनके पास रखा सोने के जेवरों का बैग छीन लिया और बस से उतरकर फरार हो गए। व्यापारी ने धराड़ पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान, रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला सहित अन्य पुलिस अधिकारी धराड़ पहुंचे और इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ देर बाद डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी अमित कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर रातभर लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से जांच
घटना के अगले दिन भी एसपी अमित कुमार बिलपांक थाना और धराड़ पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर लुटेरों की तलाश के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
पढ़ें: श्रावण चतुर्थी पर महाकाल दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, भस्म आरती में हजारों भक्तों ने किए दर्शन
पुलिस ने बड़नगर से धराड़ तक रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से घटनास्थल के आसपास घटना से पहले और बाद में सक्रिय मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। इसी जांच के दौरान पुलिस को संदिग्धों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इनसे लूट में शामिल आरोपियों और वारदात की पूरी साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है।
दोस्त को दिए 300 ग्राम के जेवर, पुलिस कर रही जांच
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घटना के बाद व्यापारी अर्पित चौरड़िया ने अपने मित्र विक्की अग्रवाल को बुलाकर उनके पास बचे करीब 300 ग्राम वजनी सोने के जेवर और बिस्किट दे दिए थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि व्यापारी ने घटना के बाद अपने मित्र को ये जेवर और सोने के बिस्किट क्यों दिए। एसपी अमित कुमार ने मीडियाकर्मियों से कहा कि मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।