खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों का आक्रोश दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। दिनभर खाद लेने के लिए लाइन में लगे किसानों का गुस्सा फूटने लगा है। पहले खाद प्राप्त करने को लेकर अब किसानों के बीच आपसी झड़पें भी होने लगी हैं। ऐसा ही मामला सागर जिले के राहतगढ़ से सामने आया है, जहां खाद के लिए पहले लेने की होड़ में किसानों के बीच मारपीट हो गई।
सागर जिले के राहतगढ़ में सोमवार को खाद वितरण को लेकर किसानों में जमकर मारामारी हो गई। इस दौरान लात-घूंसे, जूते-चप्पल चले और मारपीट में कुर्सियां भी टूट गईं।
जानकारी के अनुसार, कृषि उपज मंडी में स्थित केंद्र पर खाद का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान बाहर लाइनों में लगे किसान "पहले हमें दो, पहले हमें दो" की बात को लेकर भड़क गए, जिससे जमकर मारपीट हो गई, जिसमें लात-घूंसे, जूते-चप्पल तक चल गए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया। पुलिस ने लाइन लगवाकर टोकन के माध्यम से खाद का वितरण शुरू कराया।
केंद्र के अधिकारी राजेंद्र शाक्य ने जानकारी देते हुए बताया कि 70 टन खाद का स्टॉक आया था, जिसमें से 30 टन समिति को दे दिया गया है। बाकी 40 टन खाद को किसानों में वितरित किया जा रहा है। "पहले हमें दो" की बात पर किसानों में विवाद हो गया था, जिसे पुलिस की सहायता से शांत कराया गया है।