जिले के ऐतिहासिक राहतगढ़ किले के मुख्य प्रवेश द्वार पर शुक्रवार को सांप और नेवले के बीच हुई दुर्लभ भिड़ंत ने लोगों का ध्यान खींच लिया। करीब 10 से 15 मिनट तक चले इस संघर्ष को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण एक सांप झाड़ियों से निकलकर रास्ता पार कर रहा था। इसी दौरान शिकार की तलाश में घूम रहे एक नेवले की नजर उस पर पड़ गई। नेवले ने सांप पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच संघर्ष शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें: Bhopal News: मैनिट के हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग से छात्र बीमार, जांच में बिना लाइसेंस चलती मिली मेस
नेवला लगातार सांप के फन पर हमला कर रहा था। इसी बीच सांप ने पलटवार करते हुए अपने शरीर से नेवले को कसकर जकड़ लिया। कुछ देर तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा और वहां मौजूद लोग इस नजारे को देखते रहे।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद सांप की पकड़ ढीली पड़ते ही नेवला खुद को छुड़ाकर झाड़ियों की ओर भाग निकला। इसके बाद सांप भी वहां से निकल गया। यह पूरा घटनाक्रम करीब 10 से 15 मिनट तक चला। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।