वो गांव जहां बरसात में कीचड़ में धंसकर बच्चे स्कूल जाते थे, जहां गर्भवती महिलाओं को खाट पर उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ता था, जहां किसान की फसल मंडी तक पहुंचने से पहले ही सड़ जाती थी, उन लाखों जिंदगियों की तकदीर बदलने का संकल्प रविवार को सीहोर जिले के भैरूंदा की धरती पर लिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ करते हुए मध्यप्रदेश के ग्रामीण हिंदुस्तान को 5 हजार करोड़ से भी अधिक की विकास-सौगात दे दी।
2117 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण होगा
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के तहत मध्यप्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण होगा। इन सड़कों से प्रदेश की 987 बसाहटें सीधे जुड़ेंगी। यानी हजारों ऐसे परिवार जो आज भी मुख्यधारा से कटे हुए हैं, उनके दरवाजे तक अब पक्की सड़क दस्तक देगी। सीहोर जिले में अकेले 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर की 81 सड़कें बनेंगी और 84 बसाहटें इनसे लाभान्वित होंगी। जब ये सड़कें बनेंगी, तब एम्बुलेंस समय पर पहुंचेगी, बस्ते कंधे पर लिए बच्चे स्कूल दौड़ेंगे और किसान की मेहनत मंडी तक सही सलामत पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें- दो मादा चीतों को जंगल में मुक्त करेंगे CM मोहन यादव, वन्यजीव संरक्षण में नई पहचान बना रहा मध्यप्रदेश
शिवराज का भावुक संदेश, मोहन यादव कर रहे मोदी के सपने साकार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर जो कहा, वो सिर्फ राजनीतिक भाषण नहीं था, वो एक पूर्व मुख्यमंत्री का अपनी धरती के प्रति भावुक इकरार था। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2055 करोड़ रुपए की स्वीकृति का पत्र मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सौंपते हुए कहा कि सीएम डॉ. यादव के नेतृत्व में विकास का महायज्ञ चल रहा है, हम भी उसमें आहुति डालने आए हैं। शिवराज ने गर्व के साथ ऐलान किया कि सड़क निर्माण में मध्यप्रदेश देशभर में नंबर-1 आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को मुख्यमंत्री मोहन यादव मध्यप्रदेश की धरती पर पूरा कर रहे हैं। गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिलने की बात करते हुए शिवराज ने साफ संदेश दिया कि यह विकास की राजनीति है, जो जमीन पर दिखती है।
मोहन यादव का ऐलान.. शिवराज की हर मांग मंजूर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से ऐलान करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी लोकसभा के लिए जो भी मांगें रखेंगे, वे सभी मंजूर हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिनके राज में गांव से लेकर गरीब-मजदूर तक हर तरफ परेशानी थी, आज उन्हें यह नजारा देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में अद्भुत समय चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है और हम केंद्र के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं।
MP नंबर-1, 90 हजार किमी से अधिक सड़कें, देश में डंका
कार्यक्रम में सबसे गौरव का क्षण तब आया, जब प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम पुरस्कार मिला। प्रदेश ने 90 हजार 766 किलोमीटर लंबी सड़कें तैयार कर राजस्थान और उत्तरप्रदेश को पीछे छोड़ा। बसाहटों को जोड़ने की कैटेगरी में MP दूसरे और सड़क रखरखाव में फिर से पहले स्थान पर रहा।
ये भी पढ़ें- गुना को सीएम मोहन यादव की बड़ी सौगात, सीमेंट फैक्ट्री समेत 144 विकास कार्यों का करेंगे शुभारंभ
विकसित भारत 2047 की नींव,गांव से होकर जाएगा रास्ता
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि मध्यप्रदेश योजनाएं लागू करने के साथ-साथ लक्ष्य भी हासिल करता है। यही इसे बाकी राज्यों से अलग करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत 2047 की यात्रा गांव और किसान के विकास के बिना संभव नहीं। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने भावुक होकर कहा कि जब गर्भवती महिला समय पर अस्पताल पहुंचती है और बच्चा स्कूल जाता है तो समझो सड़क ने अपना काम कर दिया। देश के 18 हजार 907 करोड़ रुपए के आवंटन में MP की हिस्सेदारी इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार की नजर में मध्यप्रदेश भरोसेमंद और अव्वल राज्य है।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. यादव और शिवराज सिंह चौहान के दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पवर्षा से हुई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर केंद्रित एक लघु फिल्म ने दर्शकों को भावुक कर दिया।अलग-अलग कैटेगरी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों को पुरस्कृत किया गया।
कांग्रेस का विरोध और धरना भी चर्चा में
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। भैरूंदा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। हालांकि भाजपा नेताओं ने मंच से विकास की राजनीति की बात कही, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध यह दिखाता रहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेश की राजनीति अब और ज्यादा गर्म होने वाली है।

विकास के मंच से सियासी शक्ति प्रदर्शन
विकास के मंच से सियासी शक्ति प्रदर्शन
विकास के मंच से सियासी शक्ति प्रदर्शन