सीहोर जिले के नेशनल हाईवे-46बी का मिडघाट बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार से आ रहे एक आइसर ट्रक ने सड़क किनारे खराब खड़े डंपर में पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई।
हादसा इतना भयावह था कि डंपर चालक और ट्रक में सवार एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार नेशनल हाईवे-46बी के मिडघाट सेक्शन में एक डंपर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। उसका चालक प्रदीप पाल वाहन को ठीक करने में जुटा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे आइसर ट्रक का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में डंपर चालक प्रदीप पिता रघुवीर पाल (लगभग 30 वर्ष), निवासी नागोरी थाना सांची, जिला रायसेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं आइसर वाहन में सवार राजवीर पिता मोनू नागवंशी (लगभग 8-9 वर्ष), निवासी परासिया, जिला छिंदवाड़ा भी हादसे का शिकार हो गया। दोनों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। दुर्घटना में अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं।
ये भी पढ़ें- MP Cabinet: मोहन सरकार का बड़ा फेरबदल, लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस, आनंद विभाग की जिम्मेदारी सौंपी
घटना की सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी बोले-मर्ग कायम, हर पहलू से होगी जांच
बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि एक वाहन खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था और उसका चालक उसे ठीक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए दूसरे वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर लिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।