संभागीय मुख्यालय से सटे कन्नाबहरा गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। यह भगदड़ भीड़ के कारण नहीं, बल्कि मैदान के पास यूकेलिप्टस के पेड़ पर बसे मधुमक्खियों के झुंड के हमले के कारण हुई। खिलाड़ियों ने अपनी जान बचाने के लिए मैदान पर लेटकर और इधर-उधर भागकर बचाव किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मधुमक्खियों के काटने से तीन खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, कन्नाबहरा ग्राम पंचायत द्वारा केबीसी क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 25 जनवरी से किया गया, जिसका फाइनल मुकाबला 9 फरवरी को होना है। गुरुवार दोपहर चादनिया और नरवार के बीच मैच खेला जा रहा था, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड खिलाड़ियों पर टूट पड़ा। इस हमले से मैदान में अफरा-तफरी मच गई। कुछ खिलाड़ी बचाव के लिए भागे, जबकि कुछ ने मैदान पर लेटकर खुद को सुरक्षित किया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के अधिकारी व स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
कन्नाबहरा पंचायत की सरपंच फूलमती ने बताया कि यह टूर्नामेंट गांव के एक निजी मैदान में हो रहा है। 9 फरवरी को इसका फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। मधुमक्खियों के हमले में घायल तीन खिलाड़ियों का उपचार जारी है। पंचायत इस घटना से व्यथित है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए उचित कदम उठाएगी।