नीमच जिले में बदमाशों द्वारा जैन संतों पर हमला कर बेरहमी से मारपीट किए जाने को लेकर जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को आगर मालवा में जैन समाजजनों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, नीमच जिले के कछोला गांव के हनुमान मंदिर में रात्रि विश्राम कर रहे जैन संतों पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमला कर मारपीट की गई थी। घटना को लेकर स्थानीय जैन समाजजनों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है। मामले में आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर जैन समाजजनों ने जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए एक वाहन रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां, राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को सौंपा गया।
ये भी पढ़ें:
अमर उजाला संवाद में कला पर होगी शिखा शर्मा से खास बातचीत, पूरी दुनिया उनकी रंगोली की मुरीद
राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में समाजजनों ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने और धार्मिक स्थलों पर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्थाएं किए जाने का भी आग्रह किया गया। समाजजनों ने कहा कि यदि शीघ्र इस संबंध में कार्रवाई नहीं की गई तो जैन समाज आंदोलन करेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाजजन उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें:
एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं के नतीजों का इंतजार! अमर उजाला पर सबसे पहले देख सकेंगे अपना परिणाम
आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जैन संतों पर हमला कर मारपीट करने वाले आरोपियों को संबंधित थाने की पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया है। उनका जुलूस भी निकाला गया है। हालांकि इसके बावजूद जैन समाजजनों में घटना को लेकर नाराजगी व्याप्त है। जैन समाजजनों का कहना है कि संतों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। आरोपियों को ऐसी सजा दी जाए, जिससे कि फिर कोई इस तरह की घटना करने की हिम्मत न कर सके।