शाजापुर शहर के किला रोड पर सोमवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। एक घर में अनैतिक गतिविधि होने की शंका में यहां भीड़ जुट गई थी। लोग घर की तलाशी लेने की मांग कर रहे थे। कोतवाली थाना पुलिस टीम भी पहुंची, लेकिन काफी देर तक महिला पुलिस अधिकारी नहीं पहुंची। इस पर भीड़ आक्रोशित हो गई। पुलिसकर्मियों के साथ कुछ लोग घर में घुसे। वहां मौजूद एक युवक छत पर चढ़ गया और लोगों को देखकर ईंट उठा ली। युवक की इस हरकत से भीड़ और आक्रोशित हो गई। पुलिसकर्मियों ने युवक को मशक्कत के बाद पकड़ा। पुलिस युवक को थाने ले जा रही थी, तभी भीड़ ने उसकी पिटाई भी कर दी। पुलिस जैसे-तैसे युवक को थाने लेकर आई। दरअसल, शाजापुर में देर रात हुए हंगामे में बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें एक 19 वर्षीय युवती से बंधक बनाकर रेप की बात सामने आई। पिता के डांटने से वह सहेली के घर चली गई थी। पीड़िता जहां पर गई थी, उसी सहेली ने उसे कमरे में पकड़कर बंद किया एवं आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया, जिस पर कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब तक चार लोगों पर एफआईआर दर्ज हो गई है। वहीं, मामले की सूचना लगने पर हिंदूवादी संघठन के कार्यकर्ता भी कोतवाली थाने पहुंचे, जहां पर विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले में एएसपी टीएस बघेल का कहना है कि घटना की जानकारी लगने पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपियों कि गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है।