सीधी जिले की हाईटेक मोहनिया टनल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चुरहट के व्यापारी मोले प्रसाद गुप्ता का परिवार बोलेरो से कहीं जा रहा था, तभी टनल के बीचों-बीच उनकी बोलेरो आगे चल रहे डंपर में घुस गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को चुरहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
हादसे की खबर लगते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन और परिचित अपनों की सलामती की दुआएं कर रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहनिया टनल में इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं, जिससे इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते रहे हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से टनल में सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ये हुए घायल
राम गुप्ता (पिता आशीष गुप्ता)
हार्दिक गुप्ता (पिता मोले गुप्ता)
ममता गुप्ता (पति मोले गुप्ता)
दीप्ति गुप्ता (पति आशीष गुप्ता)
राकेश पांडे (पिता दयाशंकर पांडे)