सीधी के रामपुर नैकिन क्षेत्र स्थित सोन नदी के भवरसेन घाट में शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद हालात चिंताजनक हो गए। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और करीब 500 मीटर लंबे भवरसेन पुल के ऊपर पानी बहने लगा। यह पुल सीधी मुख्यालय को रामपुर नैकिन तहसील के लगभग 40 गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुल पर पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो गया है। पुल पर कई स्थानों पर गड्ढे हैं, लेकिन पानी भर जाने के कारण वे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
बारिश का असर केवल पुल तक ही सीमित नहीं रहा। भवरसेन पहाड़ी से होकर गुजरने वाली सड़क पर भी खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी की तलहटी की मिट्टी कमजोर होकर खिसकने लगी है। कई स्थानों पर मिट्टी और छोटे-बड़े पत्थर सड़क की ओर सरकते दिखाई दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो कभी भी लैंडस्लाइड हो सकता है, जिससे सड़क पूरी तरह बंद होने के साथ जनहानि की आशंका भी बनी रहेगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन लोगों को वैकल्पिक डायवर्सन मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही संबंधित विभाग पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी महेश ने बताया कि पहाड़ी से मिट्टी खिसकने का वीडियो भी सामने आया है। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से इस मार्ग से यात्रा न करें। यदि यात्रा करना आवश्यक हो तो पूरी सावधानी बरतें और कहीं भी मिट्टी या मलबा गिरता दिखाई दे तो तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
ये भी पढ़ें- बड़वानी में दर्दनाक घटना: महिला ने दो मासूम बच्चों संग 60 फीट गहरे कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत
स्थानीय ग्रामीण शैलेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि क्षेत्र में मिट्टी का कटाव तेजी से हो रहा है। पुल के ऊपर पानी बहने से सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल और पहाड़ी क्षेत्र की लगातार निगरानी कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।