निवाड़ी जिले के मडोरी गांव में चार दिन से लापता महेंद्र कुशवाहा (32) की तलाश उस वक्त खत्म हुई, जब उसका शव गांव के एक कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल को जांच का अहम सुराग बनाया और मामले की परतें खुलती चली गईं। पूछताछ के बाद पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है।
दरअसल, 22 जुलाई को महेंद्र के पिता ने कोतवाली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। इसमें सामने आया कि महेंद्र की आखिरी बातचीत गांव के ही निवासी पुष्पेंद्र कुशवाहा से हुई थी। पुलिस ने जब पुष्पेंद्र से पूछताछ की तो उसने महेंद्र से किसी भी तरह की बातचीत से इनकार कर दिया। हालांकि, उसके हाथ पर कटने के निशान और उसकी पत्नी सुखदेवी की उंगली पर दांत से काटने के निशान मिलने के बाद पुलिस का शक गहरा गया।
पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर पुष्पेंद्र ने अपनी पत्नी सुखदेवी और दोनों भाइयों बृजेश व सतीश के साथ मिलकर महेंद्र की हत्या करना कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि महेंद्र कथित तौर पर सुखदेवी को फोन कर उससे मिलने का दबाव बना रहा था। घटना वाली रात महेंद्र ने सुखदेवी को खेत पर बुलाया, जिसके बाद उसने इसकी जानकारी अपने पति पुष्पेंद्र को दी।
ये भी पढ़ें- Ujjain: भांग, सूर्य, चंद्रमा और बेलपत्र से सजे बाबा श्री महाकाल, भस्म आरती में भक्तों को दिए दिव्य दर्शन
इसके बाद पुष्पेंद्र अपने दोनों भाइयों के साथ खेत पहुंचा, जहां महेंद्र और आरोपियों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर महेंद्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने उसकी कमर में करीब 40 किलो का पत्थर बांधा और उसे कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शुक्रवार को कुएं से शव बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। तकनीकी जांच, मोबाइल कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।