मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार दोपहर ऐतिहासिक नगरी ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान राम राजा के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने रामराज लोक फेज-2 का भूमि पूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए निवाड़ी जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
हेलीपैड पर प्रभारी मंत्री, विधायक अनिल जैन और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे रामराजा मंदिर पहुंचे और वहां विधिविधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 500 वर्ष पूर्व ओरछा की रानी ने अपने तप के बल पर भगवान राम को अयोध्या से यहां लाकर विराजित किया था। आज भी ओरछा, अयोध्या से कम नहीं है। भगवान राम यहीं विराजमान हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रामपथ गमन मार्ग पर तीर्थ स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि चित्रकूट के विकास के लिए 2,200 करोड़ रुपये के कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। साथ ही, जहां-जहां भगवान राम और कृष्ण के चरण पड़े हैं, वहां तीर्थस्थल विकसित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- थाने के मालखाने में रखे 55 लाख नकद-10 लाख के गहने पुलिसवाला ही जुए में हारा, ऐसे सामने आई करतूत
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कभी यही कांग्रेस थी जो पूछती थी कि भगवान राम कहां जन्मे थे, पर आज देश ने साबित कर दिया कि यह देश भगवान राम और कृष्ण का है। मुख्यमंत्री ने लाडली बहना योजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि बहनों के खाते में राशि नियमित रूप से पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से अब बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। “अब यह क्षेत्र पंजाब से भी उपजाऊ बनेगा,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निवाड़ी जिले के लिए कई घोषणाएं कीं। जिनमें नयागांव में सरकारी अस्पताल की स्थापना, उबोरा सड़क मार्ग निर्माण, मडोर रोड का चौड़ीकरण, ओरछा को हवाई यात्रा से जोड़ने की घोषणा शामिल है। निवाड़ी को नगर पालिका का दर्जा देने की प्रक्रिया का परीक्षण करने का आश्वासन भी दिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि निवाड़ी में बन रहा स्टील प्लांट शीघ्र ही शुरू होगा और वे स्वयं इसका उद्घाटन करने आएंगे। उन्होंने कहा कि अब बुंदेलखंड में न तो पलायन होगा, न पिछड़ापन — विकास की नई गाथा यहीं से लिखी जाएगी।