टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव पुलिस थाना प्रभारी के थप्पड़ कांड में आज उमा भारती के भतीजे और पूर्व मंत्री राहुल लोधी की एंट्री हुई है। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप करके पुलिस की एफ़आईआर को झूठा बताया है और थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है।
मंगलवार की दोपहर उमा भारती के भतीजे और मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राहुल लोधी अपने समर्थकों और पीड़ितों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम को यह ज्ञापन सौंपा ज्ञापन में कहा गया है कि सोमवार दोपहर बड़ा गांव पुलिस थाने की प्रभारी अनुमेहा गुप्ता के साथ जो घटना घटी। इसमें थाना प्रभारी दोषी है, क्योंकि उन्होंने सबसे पहले गांव के एक लड़के को तमाचा मारा और गाली गलौज किया।
इस मामले में बड़ा गांव पुलिस थाने में 7 नामजद और 20 अन्य के खिलाफ जो मामला दर्ज किया गया है, वह झूठा है। क्योंकि जो नामजद आरोपी है, घटना के समय बड़ा गांव पुलिस थाने में थे और पुलिस ने पूरा मामला झूठा कायम किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि बड़ा गांव पुलिस की प्रभारी को तत्काल वहां से हटाया जाए और जो पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया है, उसमें खात्मा लगाया जाए। मीडिया से बात करते हुए राहुल लोधी ने कहा कि पुलिस ने अपने हिसाब से मामला दर्ज कर लिया है, जिन लोगों के ऊपर मामला दर्ज किया है। वह लोग समय घटना में नहीं थे।
उन्होंने कहा कि इसमें गलती थाना प्रभारी की है। सबसे पहले पूरा परिवार 5 घंटे तक परेशान होता रहा और बड़ा गांव पुलिस थाने की प्रभारी तमाशा देखते रही। लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं कि जब लोग परेशान हो गए तो उन्होंने चक्काजाम किया। इसके बाद वहां पर थाना प्रभारी पहुंची और उन्होंने ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार किया। गाली-गलौज के साथ थप्पड़ भी मारे, इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध स्वरूप अपने बचाव में हाथ पैर चलाए, जो कि थाना प्रभारी को लगे हैं।
मामले में नहीं लगा खत्म तो होगा उग्र आंदोलन
भाजपा नेता और उमा भारती के भतीजे पूर्व मंत्री राहुल लोधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को तुरंत बड़ागांव पुलिस थाना प्रभारी को हटाने और निष्पक्ष जांच कराए जाने के लिए ज्ञापन दिया है। अगर पुलिस इसमें सही जांच और कार्रवाई नहीं करेगी तो पुलिस के खिलाफ उग्र आंदोलन होगा।
छावनी में तब्दील हुआ पुलिस अधीक्षक कार्यालय
पुलिस को जैसे ही सूचना लगी कि भारतीय जनता पार्टी के नेता पूर्व मंत्री राहुल लोधी ज्ञापन देने ग्रामीणों के साथ आ रहे हैं तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, इसके बाद राहुल लोधी अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।