पॉश इलाकों में अब पुरुष चोरों के साथ महिला चोर भी सक्रिय हो गई हैं। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के महानंदा नगर और बसंत विहार में चोरी की दो बड़ी वारदातों ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। सीसीटीवी फुटेज में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसमें चोरी की इस घटना में दो पुरुषों के साथ एक महिला चोर भी वारदात को अंजाम देती नजर आ रही है।
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के बसंत विहार में विकास पिता गोपाल पंवार का मकान बना हुआ है। वह इंदौर केनरा बैंक में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर है। इस मकान में माता-पिता रहते हैं, जो विदिशा गये हुए थे और मकान सूना था। शनिवार रात उनके मकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। सुबह आसपास के लोगों ने विकास को ताला टूटने की जानकारी दी। वह ड्यूटी खत्म होने पर उज्जैन पहुंचे। विकास ने बताया कि चोरी की वारदात में बदमाशों ने करीब डेढ़ किलो चांदी के साथ सोने के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू करते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
महानंदानगर में भी हुई वारदात
पुलिस बसंत बिहार में चोरी की जांच कर रही थी। तभी पता चला कि महानंदानगर में रहने वाले बिजनेस मैन राजेन्द्र भार्गव के मकान का भी ताला टूटा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची, इस दौरान सामने आया कि राजेन्द्र जैन पूर्व पार्षद दिलीप भार्गव के भाई है। जो दस दिनों से परिवार के साथ पुणे गये हुए है। भाई के मकान में चोरी का पता चलते ही दिलीप भार्गव महानंदानगर पहुंच गये थे। आशंका जताई कि बदमाशों ने आभूषणों के साथ नकदी चोरी की है। उक्त मामले में भी पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज किया और जांच के लिये फिगंर प्रिंट टीम को बुलाया। परिवार के पूणे से लौटने पर चोरी के सामान का आकंलन किया जाएगा।
cctv फुटेज मे दिखी चोर महिला
पुलिस ने महानंदानगर के सी सेक्टर में रहने वाले राजेन्द्र भार्गव के मकान में हुई चोरी के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। इस दौरान सामने आया कि बदमाश स्कूटी पर सवार होकर रात 2 बजे बाद पहुंचे थे। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे, जिन्होने पैंट शर्ट, जैकेट के साथ चेहरे पर नकाब ओढ़ रखा था। तीनों में एक युवती शामिल है। स्कूटी से उतरने के बाद युवती ने अपने साथी के बेग से ताला तोड़ने का औजार निकाला और दूसरे को दिया। ताला तोड़ने के बाद तीनों अंदर पहुंचे और करीब एक घंटे बाद बाहर निकले। पुलिस को आशंका है कि तीनों बदमाशों ने बसंत बिहार में भी चोरी को अंजाम दिया है। आगे के फुटेज खंगालने पर तीनों महामृत्युंजय द्वार की ओर तक जाते दिखाई दिये है। पुलिस उनकी स्कूटी का नम्बर ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। संभावना है जल्द तीनों का पता लगा लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- जिम संचालक माज छात्रा से दुष्कर्म और लव जिहाद में गिरफ्तार, मदद करने वाला हवलदार निलंबित
नये सिरे से हो रही जांच
खास बात यह है कि गिरोह में महिला की मौजूदगी ने पुलिस को नए सिरे से जांच करने पर मजबूर कर दिया है। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल लोकेशन और फुटेज के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही इस 'मिश्रित गिरोह' को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।