राजस्थान के कोटा जिले के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तीन मंजिला इमारत गिरने की घटना के मामले में अब जांच तेज कर दी गई है। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे में घायल भूपेंद्र मीणा की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने पास की दुकान में निर्माण करवा रहे भवन मालिक और एक नॉनवेज शॉप संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस उप अधीक्षक (प्रथम) योगेश शर्मा ने बताया कि इमारत गिरने के कारणों की जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान एफएसएल टीम ने निर्माण सामग्री के भी सैंपल लिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, पास में संचालित एक अन्य नॉनवेज रेस्टोरेंट के मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घायल भूपेंद्र मीणा की शिकायत पर दूसरी दुकान के नॉनवेज शॉप संचालक और भवन मालिक दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एफएसएल टीम की प्रभारी अतिरिक्त निदेशक डॉ. राखी खन्ना ने बताया कि इमारत गिरने के कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भौतिक और जैविक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनका वैज्ञानिक परीक्षण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Rajasthan: 'खेजड़ी आंदोलन की चिंगारी सुलगा रहे कुछ लोग' केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी का दावा
नगर निगम ने शुरू किया सर्वे
हादसे के बाद नगर निगम कोटा दक्षिण भी सक्रिय हो गया है। निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि रविवार को आसपास के भवनों और निर्माण कार्यों का सर्वे शुरू किया गया। सर्वे के दौरान कई अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं।
प्लॉट नंबर एस-5, एस-6, एस-65, एस-67 और एस-68 पर बने भवनों में अवैध निर्माण पाया गया है। इनमें से प्लॉट नंबर एस-68 पर स्थित भवन को असुरक्षित घोषित किया गया है। निगम की ओर से संबंधित भवन मालिकों को दो दिन के भीतर अवैध निर्माण हटाने का नोटिस जारी किया गया है। तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर नगर निगम द्वारा स्वयं अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।