उमरिया जिले के पिपरिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने गांव के ही कई लोगों पर उसके बेटे के साथ मारपीट करने, धारदार हथियार से हमला कर घायल करने और इसके बाद घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज तथा सोने की अंगूठी, पैर की बिछिया और नौ हजार रुपये नकद ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक उमरिया को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ऑटो में हुए नुकसान की भरपाई कराने की गुहार लगाई है।
जुलूस के दौरान बेटे के साथ मारपीट का आरोप
पीड़िता रामकली राय, निवासी ग्राम पिपरिया, तहसील मानपुर ने अपने आवेदन में बताया कि उनका पुत्र भागवली राय 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे उमरिया से ऑटो लेकर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में दुर्गा जुलूस निकलने के कारण उसने यादव के घर के सामने सड़क किनारे अपना ऑटो खड़ा किया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ विवाद करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला के मुताबिक, हमले में उसके बेटे के दाहिने हाथ के अंगूठे में गंभीर चोट आई, जिस पर तीन टांके लगाए गए। किसी तरह अपनी जान बचाकर वह घर पहुंचा।
ये भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: ऐसे पुलिस से बच रहा था आरोपी प्रांजल, होटल छोड़ भाई के अस्पताल में गुजारता था रात
बेटे की तलाश में घर में घुसने का आरोप
आवेदन के अनुसार, घटना की रात ही रूपलाल राय, सुनील राय, संतोष राय, सुमित राय, राकेश राय, वीरू राय और नागेंद्र कोरी सहित अन्य नामजद लोगों के एकजुट होकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर घर पहुंचने का आरोप है। पीड़िता का कहना है कि सभी लोग उसके बेटे को पूरे घर में तलाशने लगे। जब वह नहीं मिला, तो कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
रामकली राय ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके हाथ से सोने की अंगूठी और पैर की बिछिया छीन ली गई तथा घर में रखे नौ हजार रुपये नकद भी ले जाए गए। परिवार के अन्य सदस्यों में भय का माहौल होने और लोगों की संख्या अधिक होने के कारण बहू और बच्चों को कमरे में छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी।
परिवार को जान से मारने की धमकी का दावा
पीड़िता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके बेटे के दोबारा मिलने पर उसे जान से खत्म करने की धमकी दी। इस कथित धमकी के बाद पूरा परिवार डरा हुआ है। महिला को आशंका है कि भविष्य में उसके या परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
रामकली राय ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, कथित तौर पर ले जाए गए जेवर और नौ हजार रुपये वापस दिलाने तथा ऑटो में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति कराने की मांग की है।