वन्यजीव संरक्षण और जंगलों की निगरानी अब और भी प्रभावी और तकनीकी रूप से उन्नत हो रही है। इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला ईको सेंटर में थर्मल इमेजिंग ड्रोन संचालन का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण भोपाल से आई Dylog ITES संस्था की टीम द्वारा प्रदान किया गया, जिसका नेतृत्व एयर कोमोडोर (से.नि.) राजीव मित्तल ने किया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, वन्यजीवों की निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज व सटीक बनाना रहा। थर्मल इमेजिंग ड्रोन की सहायता से अब रात के अंधेरे या घने जंगलों में भी जानवरों की गतिविधियों को ट्रैक करना आसान हो सकेगा। इसके अतिरिक्त, संवेदनशील क्षेत्रों में रियल टाइम मॉनिटरिंग द्वारा किसी भी अवैध गतिविधि या खतरे की तुरंत पहचान कर उस पर कार्रवाई की जा सकेगी।
इस प्रशिक्षण सत्र में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व, संजय टाइगर रिजर्व, दक्षिण शहडोल वन मंडल, उत्तर शहडोल वन मंडल, रीवा वन मंडल और मंदसौर वन मंडल से आए अधिकारी एवं वनकर्मी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों को ड्रोन के तकनीकी संचालन, निगरानी की कार्यप्रणाली, थर्मल कैमरा तकनीक की उपयोगिता और रेस्क्यू अभियानों में इसके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पढ़ें: खिवनी अभयारण्य बना पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना, बाघों और गिद्धों के बढ़ते कुनबे इसकी खास वजह बनी
प्रशिक्षण के दौरान वनकर्मियों ने थर्मल ड्रोन की सहायता से वाइल्डलाइफ मॉनिटरिंग, रेस्क्यू ऑपरेशन और रात्रिकालीन गश्त जैसे कार्यों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग ली। इससे न केवल उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ी बल्कि फील्ड में आने वाली वास्तविक परिस्थितियों से निपटने की उनकी क्षमता भी सुदृढ़ हुई।
कार्यक्रम के दौरान टीम द्वारा ड्रोन तकनीक से जुड़ी चुनौतियों और संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों का मानना है कि थर्मल इमेजिंग ड्रोन तकनीक वन्यजीवों की सुरक्षा, जंगलों की निगरानी और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में एक गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, अगले दिन वन परिक्षेत्र ताला में फील्ड डेमो के रूप में ड्रोन संचालन का और अधिक व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी कर्मियों को रियल टाइम सिचुएशन में ड्रोन के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।