विदिशा में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले पर एक महिला ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंच कर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक रोहित केशवानी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच करवाई तथ्य पाए जाने पर आरोपी एसआई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
साथ ही विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित भी कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लटेरी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले ने उसे शादी का भरोसा दिया और इसी आड़ में उसके साथ गलत काम किया। लंबे समय तक संबंध बनाने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। ठगा महसूस होने पर महिला ने एसपी ऑफिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया
शिकायत की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रोहित केशवानी ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए। एक वरिष्ठ अधिकारी को जांच सौंपी गई। जांच में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई। तथ्य सामने आने के बाद एसपी ने बिना देर किए कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच रिपोर्ट आते ही आरोपी सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले को हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। समानांतर रूप से एसपी रोहित केशवानी ने विभागीय आदेश जारी कर जयप्रकाश रसीले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
ये भी पढ़ें- श्योपुर में आंधी-तूफान का दिखा कहर: दीवार व टीनशेड गिरने से बड़ा हादसा, एक परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि आरोपी जयप्रकाश रसीले 2016 बैच का कर्मचारी है। वह लंबे समय से विदिशा के सिविल लाइन थाने में उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ था। एक पुलिस अधिकारी पर ही इस तरह के आरोप लगने से विभाग की छवि पर सवाल उठे हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले की विस्तृत जांच चल रही है
इस घटना ने खाकी पर फिर से दाग लगाया है। आम जनता की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अधिकारी पर ही भरोसा तोड़ने का आरोप लगा है। जब रक्षक ही इस तरह के कृत्य करेंगे तो आम आदमी किस पर भरोसा करे। फिलहाल आरोपी जेल में है और मामले की विस्तृत जांच चल रही है। पुलिस महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। विभागीय जांच भी अलग से शुरू कर दी गई है।