दरगाह क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दरगाह के शाही कव्वाल अमजद हुसैन और उनके बेटे अत्तार हुसैन के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीर रोड इलाके में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
जानें पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, शाही कव्वाल अमजद हुसैन अपने बेटे अत्तार हुसैन के साथ दरगाह से लौटकर घर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दोनों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे पिता-पुत्र जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
रिपोर्ट दर्ज कराई गई
पीड़ित अत्तार हुसैन की ओर से दरगाह थाना पुलिस में छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले के पीछे पुरानी आपसी रंजिश कारण रही है। पुलिस ने घायलों के मेडिकल परीक्षण कराए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़ें:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टोंक को दिया 370 करोड़ का तोहफा, बोले- कांग्रेस के पंजे ने देश को किया गंजा
घटना का वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट की पूरी वारदात कैद बताई जा रही है। पुलिस वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। दरगाह थाना पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।