राजगढ़ थाना क्षेत्र के टहला बाईपास निवासी 42 वर्षीय नर्सिंगकर्मी हेम सिंह सैनी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात उस समय हुआ, जब वह अस्पताल की छत पर गया था। एएचएम नामक एक निजी अस्पताल में कार्यरत हेम सिंह पिछले दो महीने से बतौर नर्सिंग स्टाफ काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार अस्पताल की छत और लोहे की रैलिंग पर खुले और कटे हुए बिजली के तार लिपटे हुए थे। इन्हीं तारों की चपेट में आकर हेम सिंह को करंट लगा और वह वहीं बेहोश हो गया। पहले अस्पतालकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन जब हालत गंभीर होती गई तो देर रात उसे अलवर जिला सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: Barmer: शिव SHO बोले- 'मैं वर्दी उतार देता हूं'...विधायक भाटी बोले- ईमान धर्म मर गया क्या? जानें क्या है मामला
मृतक के परिजनों ने बताया कि हेम सिंह की तीन महीने की एक बेटी भी है और उसने अभी दो महीने पहले ही इस अस्पताल में काम शुरू किया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और लापरवाही को लेकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रैलिंग पर खुले बिजली के तार किसने और क्यों डाले थे, ताकि जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।