अलवर जिले में साइबर ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। अब ठग एटीएम मशीनों में ब्लैक टेप और डबल लेयर पट्टी लगाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इस तकनीक से मशीन से नकदी तो नहीं निकलती, लेकिन खाते से राशि कट जाती है। ऐसा ही एक मामला अरावली विहार थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक युवक से 9000 रुपये की ठगी की गई।
पीड़ित रितिक सैनी, निवासी काला कुआं, ने बताया कि वह शाम करीब 6 बजे अपनी मां के बैंक खाते से पैसे निकालने साउथ वेस्ट ब्लॉक स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम गया था। सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब उसने 9000 रुपये निकालने की कोशिश की, तो मशीन से आवाज तो आई, लेकिन पैसे बाहर नहीं निकले। पहले उसे लगा कि तकनीकी खराबी के कारण नकदी नहीं निकली होगी, लेकिन जब वह घर पहुंचा और खाते की जानकारी देखी, तो उसके होश उड़ गए 9000 रुपये खाते से कट चुके थे।
शक होने पर रितिक दोबारा एटीएम पर गया और मशीन की जांच की। उसने देखा कि कैश आउट स्लॉट पर काले रंग की डबल टेप और कपड़ा चिपका हुआ था। उसे यकीन हो गया कि यही ठगी का तरीका हो सकता है। रितिक ने तुरंत अरावली विहार थाना पुलिस को सूचना दी। हालांकि, जब वह पुलिस को लेकर दोबारा एटीएम पहुंचा, तब तक वह काली पट्टी और टेप हटा दी गई थी।
पढ़ें: बनाड़ इलाके में पानी की किल्लत, जलदाय विभाग कार्यालय पर लोगों का प्रदर्शन
रितिक ने यह भी बताया कि इस दौरान तीन संदिग्ध युवक लगातार उसका पीछा कर रहे थे एटीएम से लेकर थाने तक। पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत स्थानीय थाने के साथ-साथ साइबर थाना में भी दर्ज करवा दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
तेजी से बढ़ रहे हैं ऐसे मामले
शहर में हाल के दिनों में एटीएम में इस तरह की ब्लैक टेप और डबल लेयर ट्रिक के ज़रिए ठगी के कई मामले सामने आए हैं। तकनीकी जानकारी रखने वाले ठग अब मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर लोगों को चूना लगा रहे हैं। पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट अब इन घटनाओं पर नजर रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही हैं।
पुलिस की अपील: सतर्क रहें
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अगर किसी एटीएम में कोई भी असामान्य गतिविधि या छेड़छाड़ दिखाई दे, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या बैंक को सूचित करें। लेन-देन के बाद बैंक बैलेंस की जांच अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति से सतर्क रहें।