हरिद्वार से प्रारंभ हुई ज्योति कलश यात्रा भरतपुर से होते हुए अलवर पहुंची, जहां केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने गायत्री मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की तथा पुष्प अर्पित कर रथ यात्रा का स्वागत किया।
गायत्री शक्ति पीठ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस ज्योति कलश यात्रा का कलश 28 फरवरी तक अलवर जिले में विभिन्न स्थानों पर जाएगा। गायत्री मंदिर पहुंचने से पहले, महिलाओं की कलश यात्रा भी निकाली गई, जो सुभाष चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से होती हुई गायत्री मंदिर पहुंची, जहां ज्योति कलश का पूजन और स्वागत किया गया।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश की एकता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने गायत्री मंदिर में गो माता की भी पूजा-अर्चना की।
रथ यात्रा 14 फरवरी को जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर त्रिपोलिया, होप सर्कस, पुलिस कंट्रोल रूम होते हुए गायत्री मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। ज्योति कलश के अलवर पहुंचने पर पंडित श्री राम शर्मा का संदेश भी उपस्थित जनों को सुनाया गया।
इस अवसर पर जिला प्रमुख बलवीर छील्लर, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, विधायक सुखवंत सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय सिंह नरूका, बना राम मीणा, हरीश यादव, हरीशंकर खंडेलवाल, इंदर यादव, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, अभिराम दीक्षित, ऋषिराज शर्मा, सुमन चौधरी, एडवोकेट जितेंद्र शर्मा, कमल नारंग, डॉ. रवि यादव, आशीष अरोड़ा, महेंद्र यादव, राकेश सेठी, ओमप्रकाश गुप्ता, श्रीकृष्ण गुप्ता, प्रेम प्रकाश भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।