जिले के खेड़ली कस्बे के बाईपास रोड पर 8 जून को हुई वीरु बैरवा की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी अनीता राज ने अपने प्रेमी काशी प्रजापत के साथ मिलकर ये हत्या करवाई थी। इसके लिए दो लाख रुपये की सुपारी भी दी गई थी। पुलिस ने अनीता, काशी और एक सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार अनीता और काशी के बीच अवैध संबंध थे, जिनकी जानकारी वीरु को पहले ही हो चुकी थी। कई बार वह पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देख चुका था, जिस कारण दंपती के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इससे तंग आकर अनीता और काशी ने मिलकर वीरु को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
7 जून की रात करीब 3 बजे वीरु बैरवा उर्फ मानसिंह की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया गया और मृतक के भाई खेमचंद ने खेड़ली थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
ये भी पढ़ें: Bundi: जल्द ही बनेगा शहर का पहला फ्लाईओवर, 55.30 करोड़ की राशि स्वीकृत, गेण्डोली-कापरेन सड़क चौड़ीकरण भी मंजूर
इसके बाद जिला एसपी के निर्देशन में खेड़ली थानाधिकारी धीरेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आठ दिन में ही पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस ने मृतक की पत्नी अनीता राज, प्रेमी काशी प्रजापत और बृजेश निवासी कालवाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीरु और काशी के बीच पहले भी अनीता के साथ अवैध संबंधों को लेकर कई बार झगड़े हो चुके थे। इसी तनाव और बदले की भावना के चलते प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर हत्या की यह साजिश रची।