नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोमवार को मोती डूंगरी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला है। भूमाफिया और अवैध खनन करने वाले लगातार सक्रिय हैं, जबकि सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
जूली ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ते जा रहे हैं और पुलिसकर्मी तक सुरक्षित नहीं हैं। हाल ही में खाटू श्यामजी में हरियाणा पुलिस के साथ मारपीट और भरतपुर जो मुख्यमंत्री का गृह जिला है, में पुलिसकर्मियों पर हमला, इस बात का सबूत है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी खुलेआम सक्रिय हैं और सरकार की उन पर कोई पकड़ नहीं है।
माफिया और भ्रष्टाचार का आरोप
पत्रकार वार्ता में जूली ने कहा कि जमीनों पर कब्जा, अवैध खनन और भ्रष्टाचार की घटनाएं रोज सामने आ रही हैं। लेकिन सरकार आंख मूंदकर बैठी है और जनता असुरक्षा और परेशानी झेल रही है। उनका कहना था कि जनता को सुरक्षा और राहत देने के बजाय सरकार सिर्फ वादों और दिखावे तक सीमित है।
डेयरी चुनाव पर सवाल
सरस डेयरी चुनाव को लेकर जूली ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और सत्ता पक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार चुनाव में दखल देने की कोशिश कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उनके अनुसार सरकार निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने में भी विफल साबित हो रही है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: कोटा में डांडिया महोत्सव पर पोस्टर विवाद, हिंदू संगठनों की गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर चेतावनी
विधानसभा कार्यवाही पर आपत्ति
विधानसभा में कैमरों की व्यवस्था को लेकर भी जूली ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अब उन बातों को भी रिकॉर्ड किया जा रहा है, जो परंपरागत रूप से रिकॉर्ड नहीं होती थीं। इस पर जब विपक्ष ने सवाल किए, तो न तो स्पीकर और न ही सरकार कोई ठोस जवाब दे सकी।
‘जनता का भरोसा सरकार से उठ चुका है’
जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हर स्तर पर भ्रष्टाचार और घोटाले गहराते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन माफियाओं के दबाव में काम कर रहा है और जनता का भरोसा सरकार से पूरी तरह उठ चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनता की आवाज लगातार उठाती रहेगी और सच्चाई सामने लाने का काम करेगी। नेता प्रतिपक्ष ने अंत में कहा कि अब समय आ गया है कि जनता सरकार से जवाब मांगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार और दिखावे में व्यस्त है, जबकि आम आदमी महंगाई, अपराध और भ्रष्टाचार से परेशान है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Politics: ज्योति मिर्धा ने विधायक डांगा को रस्सा कशी में हराया, झाड़ू लगाकर दिया राजनीतिक संदेश