कोतवाली थाना क्षेत्र के दिल्ली दरवाजा स्थित गंगा मंदिर के पास एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आकाश सुलानिया के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया, जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कोतवाली थाने के सब-इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि युवक ने घर के उसी कमरे में फांसी लगाई, जहां वह नियमित रूप से सोता था। फांसी के लिए उसने अपनी पैंट की बेल्ट का इस्तेमाल किया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक अविवाहित था और बीती रात खाना खाने के बाद ऊपर कमरे में सोने गया था। जब परिजन सुबह पानी की मोटर लेने ऊपर पहुंचे तो देखा कि कमरे का दरवाजा बंद है। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों को शक हुआ। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो आकाश फंदे से लटका हुआ था।
पढ़ें: फर्जी शादी कर रुपये ठगने का खुलासा, यूपी की लुटेरी दुल्हन व पति गिरफ्तार; जानें सबकुछ
अंदर का मंजर बेहद भयावह था। बेटे को फांसी पर लटका देख परिजनों की हालत खराब हो गई। किसी तरह हिम्मत जुटाकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के प्रयास कर रही है।