बाड़मेर जिले के सीमावर्ती गडरारोड कस्बे में मेडिकल व्यापारी के घर पर हुई 1 करोड़ रुपये की बड़ी लूट की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे में सुलझा दी। पुलिस ने वारदात का मास्टरमाइंड रहे पूर्व सेल्समैन सहित चार आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हथियार जैसी दिखने वाली पिस्तौल की नोक पर व्यापारी के पूरे परिवार को बंधक बनाकर सोना-चांदी और नकदी लूट ली थी।
छत तोड़कर घुसे, परिवार को बनाया बंधक
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने प्रेसवार्ता में बताया कि 3 सितंबर की रात आरोपियों ने व्यापारी के घर की छत का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। घर के अंदर घुसते ही उन्होंने बुजुर्ग दंपति और उनकी बेटी के हाथ-पैर बांध दिए। परिवार के एक बच्चे को पिस्तौल जैसी वस्तु दिखाकर धमकाया और सभी को चुप रहने पर मजबूर किया।
पूर्व कर्मचारी ने बनाई थी योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड व्यापारी की दुकान पर पहले काम कर चुका था। उसने अन्य मेडिकल दुकानों पर काम करने वाले अपने साथियों के साथ मिलकर एक महीने तक योजना बनाई। आरोपियों ने पहले व्यापारी के घर और आसपास के इलाके की रेकी की और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते तैयार किए।
करोड़ों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ
लुटेरे घर से करीब 40 से 45 तोला सोना, 50 से 60 किलो चांदी के आभूषण और 1.25 लाख रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारी उत्तमचंद ने 4 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और वारदात के महज 72 घंटे बाद चारों आरोपियों को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: जयपुर में तीसरे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, छात्रों की सुरक्षा को लेकर हड़कंप; ATS भी पहुंची
कम वेतन से असंतोष, अपराध की ओर रुख
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मेडिकल दुकानों पर सेल्समैन का काम करते थे और कम वेतन से असंतुष्ट थे। आलीशान जीवन जीने की चाह में उन्होंने फिल्मी अंदाज में इस लूट की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
आगे की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य संभावित साथियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही, लूटे गए माल की बरामदगी के लिए भी लगातार छापामारी जारी है।
यह भी पढ़ें- Sikar News: परीक्षा देने गई छात्रा से हैवानियत, कॉलेज में मौजूद दो कर्मचारियों ने किया दुष्कर्म, मामला दर्ज