बाड़मेर जिले के मूढो की ढाणी गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सांप ने बिल्ली के दो बच्चों को जिंदा निगल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सांप रेस्क्यू विशेषज्ञ कोबरामैन मुकेश माली मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के दौरान जब सांप को पकड़ा गया तो उसने एक-एक करके दोनों बिल्ली के बच्चों को मुंह से बाहर उगल दिया, हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह मूढो की ढाणी गांव में एक घर में सांप के घुसने की सूचना मिली थी। घरवालों ने तुरंत कोबरामैन मुकेश माली को फोन करके बुलाया। मुकेश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घर में एक बिल्ली ने हाल ही में तीन बच्चों को जन्म दिया था, जिनमें से दो को सांप ने निगल लिया था, जबकि तीसरा बच्चा किसी तरह भाग निकला।
यह भी पढ़ें- Jhunjhunu: भ्रूण लिंग जांच रैकेट का भंडाफोड़, 3 आरोपी हिरासत में; हरियाणा-राजस्थान सीमा से चल रहा था गोरखधंधा
जैसे ही रेस्क्यू टीम ने सांप को काबू में लिया, उसने दोनों बिल्ली के बच्चों को धीरे-धीरे मुंह से बाहर उगल दिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने सांप को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
मुकेश माली ने बताया कि बारिश के मौसम में सांपों की गतिविधि बढ़ जाती है, इसलिए ग्रामीणों और किसानों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। खेतों में काम करते समय सतर्क रहें और रात को घर से बाहर निकलते समय जूते पहनें और टॉर्च या बैटरी साथ लेकर चलें।
यह भी पढ़ें- Jaipur: BJP कार्यकारिणी की पोस्ट पर बवाल, CM-डिप्टी CM की सिफारिशों से तय हुए नाम; विरोध के बाद पोस्ट हटाई गई