दुबई में भीलवाड़ा के एक कारोबारी के कथित अपहरण, फिरौती और भारतीय कारोबारियों को सेक्सटॉर्शन के जरिए ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी फजले रऊफ उर्फ लुत्फी के खिलाफ सोमवार को भीलवाड़ा एसीजेएम प्रथम न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। वहीं लुत्फी, उसकी पत्नी समेत कुल 10 आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी कराया गया है।
सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया कि न्यायालय ने पुलिस अधिनियम की धारा 37 के तहत लुत्फी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए उसे 7 सितंबर 2026 तक गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने के निर्देश दिए हैं। वारंट की तामील के लिए सोमवार को आरोपी के घर, उसके मोहल्ले, नगर निगम कार्यालय और न्यायालय के नोटिस बोर्ड पर नोटिस चस्पा किए गए। लुत्फी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 308(5), 111(2)(बी), 3 और 4 के तहत प्रकरण दर्ज है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में हवाला, सट्टा और ब्याज से जुड़े मामलों में नाम आने के बाद लुत्फी गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई भाग गया था। वहां उसने अपने सहयोगियों को बुलाकर एक संगठित गिरोह बनाया और कथित रूप से अवैध गतिविधियों का संचालन शुरू किया।
पढ़ें: देश की दुर्लभ सफेद ऊंट नस्ल पर संकट, वैज्ञानिकों ने तैयार किया विशेष प्रजनन समूह; जानें
जांच में सामने आया है कि गिरोह भारतीय नागरिकों को हवाला, सट्टा और ब्याज के कारोबार में फंसाने के साथ महिलाओं के जरिए सेक्सटॉर्शन का जाल बिछाता था। पुलिस का दावा है कि दुबई में भारतीय कारोबारियों के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था और रंगदारी वसूली जाती थी।
10 आरोपियों पर इनाम, संपत्तियां भी होंगी फ्रीज
पुलिस ने फजले रऊफ उर्फ लुत्फी, उसकी पत्नी फातिमा फहीम, जाहिद लाला उर्फ बादशाह, इमरान उर्फ चुन्नू लाला, रज्जाक मोहम्मद, जितेंद्र कुमार माली, मोहम्मद आदिल शेख, नीतू महेश, जीशान खान तथा एक अन्य आरोपी सहित कुल 10 आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया है। सभी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। पुलिस अपराध से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई भी कर रही है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि यदि इन आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इसी तरह की घटना की है तो वे पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कारोबारी के अपहरण से खुला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार 1 जुलाई को भीलवाड़ा के कारोबारी मुकेश टेलर का दुबई में कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद उनके ससुर गोपाल लाल से फोन पर ₹40 लाख की फिरौती मांगी गई। जांच में सामने आया कि योगेश मूंदड़ा और राजा खान पीड़ित के घर से चेक लेकर आए थे। पुलिस ने योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि राजा खान अभी फरार है।
मोबाइल से मिले आपत्तिजनक वीडियो
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी मोइन के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में दो महिलाओं की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस का मानना है कि इनके माध्यम से दुबई पहुंचने वाले भारतीय कारोबारियों के आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। फिलहाल डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कर संभावित पीड़ितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं पर जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।