मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को अमर जवान ज्योति से सरदार@150 यूनिटी मार्च के अंतर्गत यमुना प्रवाह यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और साहसिक निर्णयों से भारत को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखें और मजबूत, एकजुट तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं और डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को नमन किया।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई जा रही है, जिसके तहत यमुना प्रवाह यात्रा आयोजित की गई है। इस यात्रा में विभिन्न राज्यों के युवा जयपुर से सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसाड़ तक की यात्रा करेंगे। यह यात्रा युवाओं के लिए पटेल के संघर्ष, देशभक्ति और मूल्यों को समझने का अनूठा अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया और बारडोली सत्याग्रह में उनकी भूमिका के कारण उन्हें सरदार की उपाधि मिली। उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों के साथ समझौता नहीं किया और किसानों को उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना सिखाया।
ये भी पढ़ें: Jodhpur: आईपीएस पी.डी. नित्या ने संभाला डीसीपी ईस्ट का पदभार, बताया कौन से मुद्दे होंगे प्राथमिक
उन्होंने आगे कहा कि आजादी के समय देश की 562 रियासतें स्वतंत्र इकाइयां थीं। सरदार पटेल ने कूटनीति, दूरदर्शिता और कठोर निर्णयों के माध्यम से सभी रियासतों को भारत में विलय कर एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया। हैदराबाद के लिए ऑपरेशन पोलो और जूनागढ़ में जनमत संग्रह इसका उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धारा 370 हटाकर प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल के अधूरे सपने को पूरा किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में विकास, आतंकवाद-नक्सलवाद का नियंत्रण और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
इस अवसर पर सरदार@150 प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि सरदार पटेल की सोच को प्रधानमंत्री मोदी नई दिशा दे रहे हैं। कार्यक्रम में सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सरदार @ 150 यमुना प्रवाह कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा - फोटो : credit