जिले के भीनमाल उप जिला अस्पताल में पीएमओ के चैंबर में घुसकर एक युवक द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवक हाथ में पर्ची लेकर डॉक्टर के चैंबर में पहुंचा और बातचीत के दौरान कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी। अस्पताल कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन युवक ने दो-तीन बार चैंबर में पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पर्ची लेकर PMO के चैंबर में पहुंचा युवक
जानकारी के अनुसार, युवक हाथ में कुछ पर्चियां लेकर पीएमओ डॉक्टर नेमीचंद संघवी के चैंबर में पहुंचा था। शुरुआत में युवक डॉक्टर के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। बताया जा रहा है कि अस्पताल के ओपीडी काउंटर पर कार्यरत एक कर्मचारी की सैलरी को लेकर युवक डॉक्टर से बातचीत करने पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवक ने कथित रूप से डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
CCTV में कैद हुई चैंबर के अंदर हाथापाई
सीसीटीवी फुटेज में युवक को चैंबर के अंदर डॉक्टर के साथ हाथापाई करते हुए देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद अन्य डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बावजूद युवक दो-तीन बार चैंबर में पहुंचा और डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
पुलिस पहुंची अस्पताल, फुटेज के आधार पर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर भीनमाल पुलिस मौके पर पहुंची और पीएमओ से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तस्वीरों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
डॉक्टरों में आक्रोश, थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
घटना के बाद उप जिला अस्पताल के चिकित्सकों के साथ निजी अस्पतालों के डॉक्टर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और ऑल राजस्थान इन सर्विस डॉक्टर्स एसोसिएशन से जुड़े चिकित्सक भी पुलिस थाने पहुंचे। चिकित्सकों ने थाना अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने और गिरफ्तारी की मांग की।
यह भी पढ़ें:
JPSC-JSSC परीक्षा फर्जीवाड़े में बड़ा एक्शन, अभय तिवारी की पत्नी और भाई गिरफ्तार; CID की जांच तेज
अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग
चिकित्सकों ने अस्पताल परिसर में डॉक्टर के साथ हुई मारपीट को गंभीर मामला बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी रखी। पुलिस ने चिकित्सकों को रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश करते हुए घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच कर रही है।