राजस्थान के बानसूर क्षेत्र के रामपुर कस्बे में पिछले दो दिनों से लेपर्ड की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। आबादी क्षेत्र में जंगली जानवर के घूमने से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई लेपर्ड की मूवमेंट
जानकारी के अनुसार, जांगिड़ मोहल्ले में सोमवार तड़के करीब 3 बजे लेपर्ड की हलचल देखी गई, जो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में लेपर्ड गलियों में घूमता हुआ साफ नजर आया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। स्थानीय निवासी अजीत स्वामी ने बताया कि उनके घर के पीछे भी लेपर्ड देखा गया, जिससे पूरे क्षेत्र में डर फैल गया।
मोर का शिकार, बढ़ा ग्रामीणों का डर
मंगलवार को दिन में लेपर्ड द्वारा एक मोर का शिकार किए जाने की घटना सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों का भय और अधिक बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।
वन विभाग अलर्ट मोड पर
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद लेपर्ड को पकड़ने के लिए रणनीति बनाई गई और सोमवार शाम को आबादी क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया। वन विभाग इलाके में लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि लेपर्ड को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
ये भी पढ़ें: किशनगंज पुलिस महकमे में भूचाल, पांच शहरों में फैली थानेदार की संपत्ति, आय से दोगुना ज्यादा पैसा उजागर
अधिकारियों की अपील और कार्रवाई की तैयारी
फोरेस्टर मनोज नागा ने बताया कि लेपर्ड की मूवमेंट को गंभीरता से लिया गया है और टीम को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिंजरे के जरिए लेपर्ड को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़कर सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना वन विभाग को दें। इस दौरान वन विभाग की टीम के साथ वन मित्र रघुवीर यादव, प्रशासक मुकेश जिलोवा, पंचायत समिति सदस्य रामावतार शर्मा सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।