एसआईआर कार्य में जुटे बूथ संख्या 78 के बीएलओ और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करवास में पदस्थ शिक्षक विजय कुमार गुर्जर (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से कस्बे में शोक और आक्रोश का माहौल है। बुधवार शाम वे राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय से कार्य समाप्त कर घर लौट रहे थे। तभी अचानक रास्ते में गिर पड़े। उन्हें तुरंत बीडीएम जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, प्रदेश कांग्रेस महासचिव देव कसाना, भीम पटेल, पंसस एड. वीरू कसाना समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि जुट गए। परिजनों ने बाद में कोटपूतली थाने में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई। दूसरी ओर एसडीएम रामावतार मीणा, तहसीलदार रामधन गुर्जर, डीएसपी राजेंद्र बुरड़क, एसएचओ राजेश कुमार शर्मा सहित भारी पुलिस और प्रशासनिक अमला भी अस्पताल पहुंचा। शिक्षा विभाग से डीईओ प्रकाश चंद मीणा, एसीबीईओ पूरण चंद कसाना, दयाराम चौरड़िया और विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े- एथेनॉल फैक्टरी विवाद: बातचीत में कहां अटकी बात, प्रशासन ने मांगा और समय; जानें क्या मांग रहे किसान
बीडीएम अस्पताल के पीएमओ डॉ. पुष्कर राज गुर्जर द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। शाम को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों दीपक (17) व अर्चना (15) को छोड़ गए हैं।
सूत्रों के अनुसार मृतक बीएलओ की मतदाता सूची में करीब 200 नाम सत्यापन के लिए लंबित थे, जिसके चलते वे बीते 15 दिनों से तनाव में थे। वहीं प्रशासन ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि एसआईआर कार्य 4 दिसंबर को ही पूरा करा लिया गया था और सभी बीएलओ को 3-4 सहायक कर्मचारी भी उपलब्ध कराए गए थे। एसडीएम मीणा ने किसी भी तरह के कार्य दबाव या नोटिस देने की बात से इंकार किया है। डीएसपी बुरड़क ने बताया कि मर्ग रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामला जांच के अधीन है।