सिरोही में इन दिनों तेज गर्मी से सिर्फ लोग ही नहीं, जंगल में रहने वाले जानवर भी परेशान हैं। ठंडी जगह की तलाश में अब सांप जैसे जीव भी शहर की तरफ आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में आबूरोड और आसपास के इलाकों में चार कोबरा समेत कुल 12 सांप पकड़े गए। जैसे ही लोगों ने सांपों को देखा, उन्होंने स्नेक एक्सपर्ट चिंटू यादव और वन विभाग के बाबूसिंह सिसोदिया को सूचना दी। दोनों की टीम मौके पर पहुंची और सभी सांपों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित रूप से ऋषिकेश के जंगलों में छोड़ दिया।
स्नेक एक्सपर्ट चिंटू यादव ने बताया कि ये सांप न्यू टाउनशिप, उमरणी, मानपुर, तरतोली और आबूरोड शहर के कई घरों में मिले। इनमें चार कोबरा, छह धामण, एक बांडेड कूकरी और एक ट्रिनकैट सांप थे। सांपों के निकलने से लोगों में डर फैल गया था, लेकिन समय रहते सभी सांपों को पकड़ लिया गया और उन्हें सुरक्षित जगह पर छोड़ दिया गया।
'घबराएं नहीं, सांप दिखे तो तुरंत सूचना दें और सुरक्षित रेस्क्यू करवाएं'
सर्प विशेषज्ञ चिंटू यादव ने बताया कि इन दिनों गर्मी बहुत ज्यादा है, जिससे सांप अपने बिलों से निकलकर ठंडी जगहों की तलाश में बाहर आ जाते हैं। ऐसे में ये घरों की पानी की टंकियों, बाग-बगीचों, हरे-भरे इलाकों, पानी जमा होने वाली जगहों और कबाड़ के आसपास छिप जाते हैं। अगर आपके घर या आस-पास कहीं सांप दिखाई दे, तो डरें नहीं और न ही उसे छेड़ें। तुरंत मोबाइल नंबर 77422 79237 पर सूचना दें और जब तक टीम पहुंचे, सांप पर नजर बनाए रखें। ये वन्यजीव हैं और इन्हें सुरक्षित बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: फिर 199 के फेर में फंसी विधानसभा, भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा की सदस्यता निरस्त
सावधानियां जो आपको अपनानी चाहिए:-
घर में ज्यादा कबाड़ जमा न करें। जूते या चप्पल पहनने से पहले एक बार अच्छी तरह जांच लें। बगीचे की घास और झाड़ियों की समय-समय पर कटाई करवाएं। घर के आसपास पानी या गंदगी जमा न होने दें। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने घर और परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।