टोंक शहर में अपराध की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित एक निजी कैफे में कुछ बदमाशों ने घुसकर एक युवक पर हमला कर दिया। घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है, जिसमें आधा दर्जन से अधिक बदमाश शामिल थे। इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
युवक पर अचानक हमला, सीसीटीवी में कैद घटना
शंकरपुरा निवासी युवक शानू सैनी ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह कैफे में बैठा हुआ था, तभी करीब 7 से 8 बदमाशों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। पूरी घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। मौके पर मौजूद कैफे संचालक ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को बचाया।
पढ़ें- Rajasthan News: बालोतरा में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती के अपहरण की कोशिश, चार हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार
मारपीट के साथ लूटपाट का भी आरोप
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करने के साथ ही उसकी जेब से करीब 3 हजार रुपये भी छीन लिए। घटना के बाद घायल युवक ने तुरंत कोतवाली थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
शहर कोतवाली थाना के एसएचओ भंवरलाल वैष्णव ने बताया कि डाइट रोड स्थित एक निजी कैफे में मारपीट और लूटपाट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपी अब भी फरार, इलाके में दहशत
फिलहाल सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।